राजेश बैरागी।राजनीतिक जीवन में महत्वाकांक्षाओं का हिस्सा सर्वाधिक होता है।पद प्राप्त करने के बाद उससे ऊंचा पद प्राप्त करना ही राजनीति का मुख्य उद्देश्य रह गया है, सेवा तो कहने सुनने की बातें हैं। ऐसे ही एक राजनीतिक उच्च पद की महत्वाकांक्षा पाले किसी उच्च संपर्क की तलाश में थे। उनकी इच्छा को पूरी कराने के लिए एक टप्पेबाज उन्हें लेकर लखनऊ जा पहुंचा। उसने उन्हें सत्तारूढ़ पार्टी के बड़े कद के नेता से अपनी सीधी जान-पहचान का भरोसा दिया था। नेता जी खुश थे। गाड़ी घोड़ा, समर्थक सब साथ थे। दरअसल गौतमबुद्धनगर जनपद की जेवर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हल्कों में हल्का लिया जा रहा है। ऐसे में उनके स्थान पर टिकट हासिल करने वाले लोगों की एक लंबी फेहरिस्त बनती जा रही है। एक स्थानीय निकाय के प्रमुख पद पर आसीन नेता जी भी ऐसा ही मानते हैं। लखनऊ में उच्च पार्टी पदाधिकारी के आवास पर पहुंचे उस टप्पेबाज ने कुछ अर्जी फर्जी संबंध बताकर अंदर घुसने का प्रयास किया तो धर लिए गए। साथ में नेताजी को भी थाना यात्रा करनी पड़ी। हालांकि सच्चाई बताने और मान-मनौव्वल के बाद नेताजी और उनके समर्थक तो पुलिस कार्रवाई से बच गए परंतु टप्पेबाज हवालात की हवा खा रहा है।यह टप्पेबाज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी अपनी अर्जी फर्जी पहुंच बताकर मंडराता रहता है। लखनऊ में धर लिए जाने के बाद उसके प्रभाव में रहने वाले प्राधिकरण कर्मी सदमे में बताए जा रहे हैं। चलते चलते एक बात और…… टिकट की प्रत्याशा में टप्पेबाज के साथ नेताजी के लखनऊ पहुंचने की खबर उच्च पार्टी पदाधिकारी को पहले ही मिल चुकी थी। चर्चा है कि विधायक भी अपने दुश्मनों की पल पल की खबर न केवल लेते रहते हैं बल्कि सही समय पर खबर दे भी देते हैं








Leave a Reply