राजेश बैरागी-
48 बरस पहले जब नोएडा अपने अस्तित्व को आकार दे रहा था,तब चंद उद्यमियों द्वारा स्थापित की गई नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन (एन ई ए) आज एक पूर्ण वयस्क संगठन होने के साथ ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र तक फैलने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में चल रहे द्विवार्षिक चुनावों में पहली बार इस संगठन में ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के उद्यमी भी हिस्सा लेंगे और यदि विपिन मल्हन और वी के सेठ पैनल पुनः निर्वाचित हुआ तो दोनों प्राधिकरण क्षेत्रों में एन ई ए के क्षेत्रीय कार्यालय भी खुलेंगे।
एन ई ए के द्विवार्षिक चुनावों में एक बार फिर मैदान में उतरे विपिन मल्हन और वी के सेठ पैनल ने चुनावी कार्यालय खोलकर आज विधिवत अपने चुनाव अभियान का आगाज कर दिया।1978 में केवल नोएडा के उद्यमियों द्वारा अपने लिए स्थापित किए गए इस संगठन में इस बार ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के उद्यमियों को भी जोड़ा गया है। अध्यक्ष, महासचिव सहित सात प्रमुख पदाधिकारियों के अलावा नोएडा के तीनों फेज से तथा ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से फेज उपाध्यक्ष व सचिव के चुनाव भी होंगे। इसके अलावा प्रत्येक 15 फैक्ट्रियों पर एक कार्यकारी सदस्य भी चुना जाएगा। इस बार कार्यकारी सदस्यों की संख्या 162 होगी। अभी तक यह संख्या 135 थी। अभी तक इस चुनाव में केवल विपिन मल्हन और वी के सेठ पैनल ही मैदान में है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार फेज ए और फेज तीन में गिनती के उद्यमियों द्वारा इस पैनल को चुनौती देने के लिए बैठकें की जा रही हैं। हालांकि उनके समक्ष सबसे बड़ी चुनौती पूरा पैनल तैयार करने की है। फिर भी कुछ पदों पर पैनल विहीन प्रत्याशी ताल ठोंक सकते हैं। सेक्टर छः में चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर विपिन मल्हन ने मीडिया को संबोधित करते हुए अपने चुनावी घोषणा पत्र को एक पंक्ति में कुछ इस प्रकार कहा,- एन ई ए का एकमात्र एजेंडा उद्यमी साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना है, फिर चाहे समस्या कोई भी हो।’
नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन द्विवार्षिक चुनाव:मल्हन-सेठ पैनल ने खोला चुनाव कार्यालय, उद्यमियों का हर हाल में साथ देना बताया अपना एजेंडा









Leave a Reply