राजेश बैरागी।क्या आप जानते हैं कि केवल डंडा चलाने और प्रतिदिन तमाम आलोचनाओं के केंद्र में रहने वाली कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ऐसे हजारों बच्चों को उनके रहने के स्थान पर जाकर शिक्षित कर रही है जो धन, जागरुकता और साधनों के अभाव में कभी शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकते थे। ऐसे दो सौ बच्चों को आज गुरूवार को स्वयं पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने न केवल ममता भरा स्पर्श दिया बल्कि उन्हें पढ़ाई-लिखाई से संबंधित सामान की किट भी बांटी।
नोएडा सेक्टर 108 स्थित कमिश्नरेट पुलिस मुख्यालय पर आज एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस के मानवीय सरोकारों से संबंधित था। इसमें वंचित वर्ग के दो सौ बच्चों को न केवल पुरस्कृत किया गया बल्कि उन्हें स्कूल किट और उपहार भी भेंट किए गए। ये सभी बच्चे कमिश्नरेट पुलिस के तत्वावधान में स्वयंसेवी संस्था चेतना द्वारा एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से वैकल्पिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत पढ़ाए जा रहे थे जिन्हें अब औपचारिक शिक्षा के लिए विभिन्न स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया है। पहले शिक्षक रहे और वर्तमान में सहायक पुलिस आयुक्त नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि ‘नन्हे परिंदे’ परियोजना वर्ष 2021 में शुरू हुई थी जो कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस, चेतना एनजीओ तथा एचसीएल फाउंडेशन की साझा पहल है।अब तक 3,200 से अधिक बच्चों को इस परियोजना से लाभ मिला है, जिनमें से 1,173 बच्चों का औपचारिक विद्यालयों में सफलतापूर्वक दाखिला कराया गया है। इसके अलावा, 906 जीवन कौशल और नेतृत्व विकास सत्र आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे हजारों बच्चों को प्रेरणा और दिशा मिली है।
इसी कार्यक्रम में एचसीएल के वीसी एसोसिएट्स रजत चन्दौसिया द्वारा 15 कि0मी0 व 80 कि0मी0 स्पर्धाओं में 2 बार क्षेत्रीय पदक व 3 बार अंतरजनपदीय विजेता महिला आरक्षी दीपिका को बधाई देते हुए एचसीएल फाउंडेशन की ओर से उनकी उल्लेखनीय प्रतिभा व खेल उत्कृष्टता हेतु साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ0 राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमति प्रीति यादव, एचसीएल फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ0 निधि पुंडीर, चेतना एनजीओ हेड श्री संजय गुप्ता व एडीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमति मनीषा सिंह, एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार सिंह, एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमति प्रशाली गंगवार अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।(
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस, एनजीओ चेतना और एचसीएल फाउंडेशन मिलकर संवार रहे हैं वंचित वर्ग के हजारों बच्चों का भविष्य









Leave a Reply