ग्रेटर नोएडा चिकित्सा सेवाओं में कपिल देव की एंट्री:मुख्यमंत्री 5 मार्च को करेंगे केडीएसजी हॉस्पिटल का उद्घाटन, कैलाश और इंद्रप्रस्थ को भी भूखंड आवंटित

राजेश बैरागी।एक पखवाड़े के भीतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर गौतमबुद्धनगर आ रहे हैं। इस बार अवसर है ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 10 में नवनिर्मित केडीएसजी हॉस्पिटल के उद्घाटन का।चौदह मंजिला और साढ़े तीन सौ बिस्तर वाले इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रमोटर भारत के लिए पहला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रहे कपिल देव हैं।
एक बड़े शिक्षा हब के रूप में विकसित हो चुके ग्रेटर नोएडा में तेजी से बढ़ रही चिकित्सा सुविधाओं की श्रृंखला में 5 मार्च को कपिल देव सुनील गुप्ता(केडीएसजी) हॉस्पिटल का नाम भी जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली से अगले दिन इस हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। सेक्टर 10 के भूखंड संख्या एचओ-01 पर निर्मित इस हॉस्पिटल के ऑपरेटिव पार्टनर अजिंक्य डीवाई पाटिल हैं। डॉ अजींक्य डी.वाई. पाटील एक प्रमुख भारतीय शिक्षाविद्, उद्यमी और अजींक्य डी.वाई. पाटील विश्वविद्यालय (ADYPU) के अध्यक्ष हैं, जो पुणे में स्थित है। वे शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय हैं और डी.वाई. पाटील समूह के प्रमुख सदस्य हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के दृष्टिगत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी होली के अवकाश के बावजूद सेक्टर 10 और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई, हेलीपैड के निर्माण तथा सड़क आदि को दुरुस्त कराने में जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं विकसित कराने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।हाल ही में प्राधिकरण द्वारा नॉलेज पार्क -5 में सांसद डॉ महेश शर्मा नीत कैलाश हॉस्पिटल को 22737 वर्गमीटर का भूखंड संख्या 5सी तथा नॉलेज पार्क -2 में इंद्रप्रस्थ कैंसर सोसायटी एंड रिसर्च सेंटर को 25852 वर्गमीटर का भूखंड संख्या 33 आवंटित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *