राजेश बैरागी।बीते कल मीडियाकर्मियों को होली मिलन के लिए दो निमंत्रण मिले। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम ने मुख्यमंत्री के निरंतर दौरों और होली की व्यस्तताओं से मुक्त होते ही सबसे पहले मीडियाकर्मियों को होली मिलन के लिए आमंत्रित किया। यह संयोग मात्र था कि पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने भी उसी दिन और उसी समय मीडियाकर्मियों के साथ होली मिलन करने का विचार किया। उन्होंने भी आमंत्रण भेजा। जबसे उत्तर प्रदेश के कुछेक जनपदों में पुलिस आयुक्त व्यवस्था लागू हुई है,उन जनपदों में पुलिस प्रशासन का समन्वय मृतप्राय हो गया है। मैं हाथरस जनपद के समाचारों से अवगत रहता हूं। वहां जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एक दूसरे के पूरक के तौर पर जिला सम्हालते हैं। कहीं कोई श्रेष्ठता का झंझट नहीं। नागरिक सेवा में शामिल अधिकारियों को इस झंझट में पड़ना भी नहीं चाहिए। दोनों शीर्ष अधिकारियों द्वारा एक दिन एक ही समय मीडियाकर्मियों को होली मिलन के लिए आमंत्रित करना उसी समन्वय के मृतप्राय होने का परिणाम था। हालांकि जिलाधिकारी के होली मिलन कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठता और समझदारी का परिचय देते हुए अपने कार्यक्रम को नयी तिथि तक टाल दिया। गौतमबुद्धनगर के किसी जिलाधिकारी द्वारा मीडिया के लोगों के साथ होली मिलन का ऐसा सुंदर कार्यक्रम पहली बार हुआ।मेधा रूपम इस जनपद की पहली महिला जिलाधिकारी भी हैं। एक महिला होने के नाते उनसे होली मिलन जैसा कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा भी नहीं थी। परंतु उन्होंने एक सशक्त और मिलनसार महिला अधिकारी होने का परिचय देते हुए न केवल यह कार्यक्रम आयोजित किया बल्कि पूरे समय कार्यक्रम में उपस्थित रहकर प्रत्येक मीडियाकर्मी से निजी संवाद भी किया। मैं यहां स्पष्ट कर दूं कि सोशल मीडिया के इस युग में समाचार वाहकों को पत्रकार कहना प्रासंगिक नहीं रहा है। जिसके हाथ में मोबाइल है और सूचना आदान-प्रदान की खुजली है वही मीडियाकर्मी है। ऐसे में लिखने पढ़ने और वैचारिक द्वंद से समाचारों का प्रसव करने वाले पत्रकारों की भूमिका गौण हो गई है। लिहाजा सभी मीडियाकर्मी हैं और उन सभी के साथ जिलाधिकारी मेधा रूपम ने परस्पर संवाद के लिए होली मिलन का सुंदर आयोजन कर जिला प्रशासन और मीडियाकर्मियों के बीच बेहतर समन्वय की पुख्ता जमीन तैयार कर ली है
गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी का मीडियाकर्मियों संग होली मिलन











Leave a Reply