गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट :नववर्ष में करेगी अवैध नशे के धंधे पर चौतरफा प्रहार

राजेश बैरागी।तीन वर्ष पहले (30/11/2022 को)अस्तित्व में आई गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस नववर्ष 2026 में अवैध नशे के व्यापार और सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इसके लिए विशेष पुलिस दल गठित करने के साथ जनपद में नशीली वस्तुओं की आवक को रोकने से लेकर नशीले पदार्थों की चोरी छिपे बिक्री तक की कड़ियों को तोड़ने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों को भी इस मुहिम में शामिल किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ सीमा साझा करने वाले जनपद गाजियाबाद में अवैध नशे का व्यापार गहरी जड़ें जमा चुका है।मलिन बस्तियों से लेकर बड़े शिक्षण संस्थानों तक नशे के अवैध कारोबारियों ने अपना जाल बुन रखा है। इसकी गिरफ्त में गरीब मजदूर और देश का भविष्य छात्र तक हैं। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस नववर्ष 2026 में अवैध नशे के धंधे पर चौतरफा प्रहार करने की तैयारी कर रही है। पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने एक विशेष भेंट में बताया कि पुलिसिंग की अन्य सभी गतिविधियों के साथ आगामी वर्ष में नशे के अवैध धंधे को तहस-नहस करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए एक विशेष पुलिस दल गठित किया जा रहा है। जनपद में नशीले पदार्थों की आवक कहां से होती है से लेकर खुदरा विक्रेताओं तक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मुहिम में नशा मुक्ति केंद्रों में स्वास्थ्य लाभ ले रहे ऐसे लोगों से भी नशीले पदार्थों की आवक और बिक्री के स्थलों तथा संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस अपने सभी थानों को अत्याधुनिक स्वरूप दे रही है। साहिबाबाद सहित कई थानों का नवीनीकरण तथा सुविधाओं के लिहाज से उच्चीकरण किया भी जा चुका है। सभी थानों में पीड़ितों के लिए प्रतीक्षालय तथा सहायता पटल बनाए गए हैं जिससे वहां पहुंच कर नागरिकों को असहज न लगे। साथ ही उनमें पुलिस के प्रति विश्वास उत्पन्न हो।(

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *