ग्रेटर नोएडा पुष्पोत्स्व 2026 का आगाज:प्रकृति पर प्रोद्योगिकी भारी-ड्रोन शो ने बाजी मारी

राजेश बैरागी।वसंत बहार के इस मौसम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित चार दिवसीय पुष्पोत्स्व 2026 का आज भव्य आगाज हो गया। सांसद डॉ महेश शर्मा ने उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में मानव जीवन में पुष्पों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वर्तमान सीईओ रवि कुमार एनजी के नेतृत्व में घाटे से उबर कर विकास के पथ पर अग्रसर हो गया है। उद्घाटन समारोह में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव, श्री लक्ष्मी वी एस व सुमित यादव समेत तमाम गणमान्य लोग तथा प्राधिकरण अधिकारी उपस्थित थे। हालांकि यह आयोजन इस बार भी वैसी उत्कृष्टता हासिल नहीं कर सका जिसकी अपेक्षा की जाती है।हाल ही में 19 से 22 फरवरी तक चला नोएडा फ्लावर शो बेहद खूबसूरत और स्तरीय रहा था। परंतु देर शाम सात बजकर 20 मिनट पर जैसे ही साढ़े पांच सौ ड्रोन ग्रेटर नोएडा के आकाश पर पोजीशन संभाली तो नीचे धरती पर फूल सजाने में बरती गई कोताही को लोग भूल गए। लगभग बीस मिनट के इस शो में ड्रोन ने आकाश में दर्जनों आकृतियां बनाईं। भारत की भौगोलिक आकृति, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का लोगो, विकास और निवेश की आकृतियों ने लोगों का मन मोह लिया। ड्रोन संचालन टीम के प्रमुख निशांत ने बताया कि वे ऐसे सैकड़ों आयोजन देशभर में आयोजित कर चुके हैं। देश के शीर्ष उद्योगपति मुकेश अंबानी के बच्चों के शादी समारोहों में भी उन्होंने ड्रोन शो किए हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन शो कल भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *