ब्रेकिंग न्यूज़:नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन शीघ्र,नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से मिली सुरक्षा मंजूरी

राजेश बैरागी।यमुना प्राधिकरण के जेवर क्षेत्र में उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ब्यूरो ऑफ एवीएशन
सिक्योरिटी से आज सुरक्षा संबंधी क्लीयरेंस हासिल हो गई। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने स्वयं एक संदेश के माध्यम से यह बहुप्रतीक्षित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
         उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की इस अतिमहत्वाकांक्षी परियोजना नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही है परंतु सुरक्षा संबंधी अनुमति न मिलने से उद्घाटन की तिथि बार बार टल रही थी। आज नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो ने हवाई अड्डे की सुरक्षा संबंधी अनुमति जारी कर दी। यह जानकारी प्राधिकरण और नयाल (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद शीघ्र ही हवाई अड्डे को संचालन हेतु लाइसेंस प्राप्त हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि संभवतः एक सप्ताह में संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त हो सकता है।अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने बताया कि बकास की सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलने के बाद अब हवाई अड्डे के संचालन के लिए लाइसेंस मिलने में कोई बाधा नहीं रही है। इसके साथ ही शीघ्र ही इसके उद्घाटन की तिथि की घोषणा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *