राजेश बैरागी।गत सप्ताह यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एचसीएल फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम इंडिया चिप कंपनी के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सेक्टर 28 में भूमि पूजन के बाद आज सेक्टर 21 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी स्थल पर मॉम-2 फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो गई।भारी लाव लश्कर के साथ शूटिंग करने पहुंचे फिल्म निर्माता बोनी कपूर व आशीष भूटानी ने वहां फिल्म सिटी का ले आउट प्लान स्वीकृत होने का एक वर्ष पूरा होने पर केक भी काटा।
शीघ्र ही रजत जयंती (24 अप्रैल को) मनाने जा रहा यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा विकसित यह औद्योगिक शहर अपना आकार लेने लगा है। पिछले सप्ताह 21 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल यहां सेक्टर 28 में 48 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली इंडिया चिप कंपनी की आधारशिला रखी। साढ़े सात अरब रुपए निवेश करने वाली यह उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण कंपनी होगी। यमुना प्राधिकरण अभी तक छोटी बड़ी 3113 औद्योगिक इकाइयों के लिए भूखंड आवंटित कर चुका है। विशेष उत्पाद वाले आठ औद्योगिक पार्कों को बसाया जा रहा है। डेढ़ दर्जन औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है जबकि सैकड़ों इकाइयां क्रियाशील होने की प्रक्रिया में हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की घड़ी भी निकट आती जा रही है। इस बीच आज प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी स्थल पर प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म मॉम-2 की शूटिंग शुरू कर दी। शूटिंग एक सप्ताह तक चल सकती है।देर शाम ग्रेटर नोएडा से शूटिंग स्थल तक लगभग 26 किलोमीटर की दूरी तय करने के दौरान प्रकाशित पथ पर आना और जाना रोमांच पैदा कर रहा था। अब से कुछ वर्ष पहले तक इस क्षेत्र में दिन में आवागमन करना भी मुश्किल भरा होता था। साथ में तेज गति से दौड़ता यमुना एक्सप्रेस-वे और रास्ते में मिला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे इस क्षेत्र के तेजी से विकसित होने की पटकथा के अहम किरदार हैं।जंगल में हो रहे मंगल यानी फिल्म शूटिंग को सुरक्षित वातावरण देने के लिए वहां जेवर क्षेत्र के एसीपी सार्थक सेंगर भी पहुंचे हुए थे। इस स्थान पर पहली बार लाइट, एक्शन और कैमरा के साक्षी बनने के लिए मीडिया के तीन दर्जन से अधिक लोग भी रात के अंधेरे को चीरकर वहां पहुंचे।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में:जंगल में मंगल,प्रस्तावित फिल्म स्थल पर मॉम-2 की शूटिंग शुरू










Leave a Reply