राजेश बैरागी।उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा आगामी वित्त वर्ष में ग्रेटर नोएडा स्थित अपने चार औद्योगिक सेक्टरों तथा आवासीय सेक्टरों में रिकॉर्ड 243 करोड़ रुपए से विकास कार्य कराएगा। क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि गौतमबुद्धनगर जनपद के सूरजपुर व कासना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (अब प्राधिकरण)की उपस्थिति ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की स्थापना से वर्षों पहले से है। यहां डीसीएम टोयोटा, एस्कोर्ट यामाहा, शीला फोम,स्टालियन शॉकर,डेन्सो जैसी विदेशी भागीदारी वाली बड़ी औद्योगिक इकाइयां यूपीसीडा द्वारा ही स्थापित करायी गई थीं।उस समय नोएडा में भी छोटी छोटी इंडस्ट्री ही स्थापित हो रही थीं। परंतु नोएडा या ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकसित किए गए सभी औद्योगिक व आवासीय सेक्टर जहां सुनियोजित थे, वहीं यूपीएसआईडीसी द्वारा स्थापित कराई गई औद्योगिक इकाइयों को ढांचागत सुविधाओं के लिए उनके हाल पर छोड़ दिया जाता था। निगम के स्थान पर प्राधिकरण बनने के साथ यूपीसीडा की कार्यशैली में भी आमूलचूल बदलाव आ रहा है। पहले पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी और अब कुंभ फेम वर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद यूपीसीडा के औद्योगिक तथा आवासीय सेक्टरों में मूलभूत ढांचागत सुविधाओं को विकसित करने पर पूरा ध्यान लगा रहे हैं। जानकारों का मत है कि यूपीसीडा ने अब अपने क्षेत्रों के विकास के लिए खजाने का न केवल मुंह खोल दिया है बल्कि सेक्टरों के सौंदर्यीकरण पर भी पूरा जोर लगाया जा रहा है। उदाहरण के लिए सभी औद्योगिक सेक्टरों को खूबसूरत प्रवेश द्वार बनाकर उन्हें एक नयी पहचान दी जा रही है।इसी क्रम में यूपीसीडा ने सूरजपुर व कासना क्षेत्र स्थित औद्योगिक सेक्टरों बी,सी, साइट 4 व 5, निर्यात प्रोत्साहन औद्योगिक पार्क तथा साइट सी में आवासीय सेक्टरों में विकास कार्यों पर आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में 243 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना तैयार की है। क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि इस धनराशि से औद्योगिक व आवासीय सेक्टरों में सड़क,नाली, पार्क, पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक, निर्यात प्रोत्साहन औद्योगिक पार्क(इपीआईपी) में श्रमिकों के लिए आवासीय भवन, कौशल विकास केन्द्र, महिला श्रमिकों के बच्चों के लिए क्रेच,कमांड कंट्रोल सेंटर, अग्नि शमन के लिए भूमिगत जलाशय तथा सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि साइट सी आवासीय सेक्टरों को गंगाजल आपूर्ति के लिए पांच करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। गंगाजल आपूर्ति के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा बैठकों की शुरुआत भी की जा चुकी है
यूपीसीडा का ग्रेटर नोएडा क्षेत्र:243 करोड़ रुपए से कराये जाएंगे विकास कार्य, साइट सी आवासीय सेक्टरों में गंगाजल आपूर्ति पर खर्च होंगे 5 करोड़









Leave a Reply