राजेश बैरागी।किसी भी महत्वाकांक्षी जनोपयोगी परियोजना का लोकार्पण कितना सुकून देता है। पिछले कई महीनों से तैयार नोएडा के भंगेल एलेवेटेड रोड को किसी हस्ती से उद्घाटन कराने के अभाव में जनता के उपयोग के लिए न खोलने पर आधारित एक पोस्ट लिखकर मैंने आज प्रातः पाठकों के समक्ष प्रस्तुत की थी। मेरा ऐसा कोई दावा नहीं है कि मेरी पोस्ट के प्रभाव में भंगेल एलेवेटेड रोड को पोस्ट प्रकाशित होने के एक दो घंटे बाद ही ट्रायल रन के लिए खोल दिया गया। संभवतः इसके लिए प्राधिकरण की पहले से तैयारी रही होगी। हालांकि इसे बहुत पहले खोल दिया जाना चाहिए था। हालांकि नोएडा प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों ने मुझे व्हाट्स ऐप पर संदेश के माध्यम से पोस्ट लिखने तथा उसके कुछ ही देर बाद एलेवेटेड रोड खुल जाने की बधाई दी। मेरे लिए यह सुकून भरा पुरस्कार था।ऐसा ही सुकून मुझे आज नोएडा प्राधिकरण के उन अधिकारियों के चेहरों पर भी दिखाई दिया जो इस महत्वपूर्ण परियोजना को साकार करने से जुड़े थे और इसके लोकार्पण की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे। मैंने अपने दो पत्रकार साथियों के साथ देर शाम आज ही ट्रायल रन के लिए खुले नोएडा के इस दूसरे एलेवेटेड रोड पर शानदार सफर किया। नोएडा का पहला एलेवेटेड रोड अट्टा सेक्टर 18 चौराहे से सेक्टर 61 तक बना है। दोनों ही एलेवेटेड रोड की लंबाई और चौड़ाई लगभग एक समान है। पहले के समान ही यह दूसरा एलेवेटेड रोड भी नोएडा शहर के भविष्य की तस्वीर बदल देगा। इससे प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग अपने गंतव्य तक सुगमतापूर्वक आवागमन कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक (सिविल) विजय रावल बताते हैं कि पांच वर्ष पहले बनने शुरू हुए इस ऊपरगामी मार्ग के निर्माण में अनेक प्रकार की समस्याएं सामने आईं। एक समय इसका निर्माण कार्य पूरी तरह ठप्प ही हो गया था। फिर वर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ लोकेश एम ने सारी स्थिति और परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करते हुए पुनः निर्माण कार्य शुरू कराया।आज शाम इसपर नोएडा की ओर से चढ़कर एन एस ई जेड छोर पर उतरने तक हमें पता ही नहीं लगा कि कब बरौला गुजर गया और कब भंगेल। हालांकि एन एस ई जेड छोर पर पुरानी बैरीकेडिंग लगी होने से लोगों को आवाजाही में समस्या पेश आ रही थी और कुछ लोग एलेवेटेड रोड पर भ्रमवश उल्टी दिशा में भी जा रहे थे जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। बहरहाल अंत भला तो सब भला। नोएडा शहर आज एक और एलेवेटेड रोड पर सवार हो ही गया। किसी हस्ती का मन हो तो वह चलते हुए रोड का भी उद्घाटन कर सकता है








Leave a Reply